उत्तराखंड: गढ़वाली गीत स्वामी जी को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। चमोली जिले के उर्गम गांव के संबंध में गलत तथ्य प्रस्तुत किए जाने पर ज्योतिर्मठ के ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी ने गीत में प्रस्तुति दे रही प्रसिद्ध गढ़वाली गायिका प्रियंका मेहर को कानूनी नोटिस भेजा है। नेगी का कहना है कि गीत में शामिल एक पंक्ति— उर्गम के कस्से में दगड़ियों के साथ फुल नशे में —गांव की गरिमा के खिलाफ है और इसमें उर्गम के निवासियों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है। उनका कहना है कि यह न केवल गांव की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि धार्मिक महत्व वाले इस क्षेत्र की छवि को भी नुकसान पहुँचाता है।
नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि गीत के प्रसारण से उर्गम गांव की छवि पूरे विश्व में धूमिल हुई है, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। उर्गम गांव पंच बदरी में से एक ध्यान बदरी और पंच केदारों में कल्पेश्वर मंदिर की पवित्र भूमि है, जिसके कारण इसका महत्व और भी बढ़ जाता है।
उधर, गीत में गायक की भूमिका निभा रहे युवक ने सोशल मीडिया पर यह आपत्ति जताई है कि प्रियंका मेहर का निजी मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया गया, जो गलत है। उन्होंने इस पर अलग से नोटिस जारी करने की बात भी कही है।

