
शहर में वीकेंड के दौरान सैलानियों की जबरदस्त भीड़ देखने को मिली, जिससे नगर की रौनक और भी बढ़ गई। खुशनुमा मौसम का आनंद उठाने के लिए पर्यटकों ने पर्यटन स्थलों की सैर की और नैनीताल की खूबसूरती में खो गए। दिल्ली में विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही पर्यटकों का नैनीताल आना शुरू हो गया, जिससे शहर की चहल-पहल भी बढ़ गई। शनिवार को अधिकांश होटलों के कमरे फुल हो गए और पार्किंग स्थलों पर गाड़ियां खचाखच भरी नजर आईं। बढ़ती भीड़ के कारण सड़कों पर यातायात कुछ प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस कर्मियों ने नियंत्रित किया।
सुहाने मौसम के बीच सैलानियों ने चिड़ियाघर, स्नोव्यू, केव गार्डन, हिमालय दर्शन, वाटर फॉल और अन्य पर्यटन स्थलों का लुत्फ उठाया। शाम होते ही मालरोड पर सैलानियों की चहल-पहल और बढ़ गई। वहीं, नौका विहार करने वाले पर्यटक भी नैनी झील की सुंदरता में डूबे नजर आए। नैनीताल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट के अनुसार, इस वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या में अच्छी-खासी बढ़ोतरी हुई है। सोमवार से कई आवासीय विद्यालयों के खुलने के बावजूद भी सैलानियों की आमद में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।
मौसम की बात करें तो दिनभर चटक धूप खिली रही, जिससे दोपहर में धूप में बैठना मुश्किल हो गया। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अधिकतम तापमान 23 और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आद्रता अधिकतम 81 और न्यूनतम 50 प्रतिशत रही।