भीमताल। संवेदनशील ढुगशिल-खैरोला पहाड़ी पर भूगर्भीय रिपोर्ट के आधार पर तत्काल कार्यवाही की जरूरत है। विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते स्थायी समाधान नहीं किया गया तो पहाड़ी के गिरने से बड़ी आपदा का खतरा बना रहेगा।
भारतीय मृदा एवं जल संरक्षण संस्थान देहरादून की टीम ने जिले के सिंचाई, कृषि और राजस्व विभागों के अधिकारियों के साथ पिछले वर्ष इस पहाड़ी का निरीक्षण किया था। टीम ने “बलिया नाला नैनीताल” की तर्ज पर सुरक्षा कार्य करने की सिफारिश भी की थी।
भीमताल नगर के समाजसेवी पूरन बृजवासी ने जिला प्रशासन एवं राज्य सरकार से इस पहाड़ी को स्थायी रूप से सुरक्षित करने के लिए ठोस योजना बनाने और शीघ्र कार्यवाही शुरू करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016-17 में उन्होंने सबसे पहले इस मामले को समाचार पत्रों के माध्यम से सार्वजनिक किया था। इसके बाद उन्होंने कई बार पत्राचार कर प्रशासन से कार्रवाई की गुहार लगाई।
बृजवासी ने कहा कि सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करने के बाद भूगर्भीय टीम और विभागीय अधिकारियों ने 2022 में पहाड़ी का दौरा किया था और समाधान का आश्वासन दिया था। लेकिन अब तक केवल औपचारिक कार्य ही हुए हैं, कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
उन्होंने चेतावनी दी कि भारी बारिश के इस मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है, इसलिए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को संवेदनशील पहाड़ी की सुरक्षा के लिए तुरंत ठोस कदम उठाने चाहिए।
