नैनीताल: अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैंचीधाम और रातीघाट के बीच शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। करीब शाम 6 बजे एक महिंद्रा XUV500 कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे तीन बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। चारों सवार अल्मोड़ा जिले के निवासी और शिक्षक बताए जा रहे हैं। यह सभी अल्मोड़ा के हौलबाग से हल्द्वानी एक बारात में शामिल होने जा रहे थे।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन सवारों ने कैंचीधाम के पास एक चाय की दुकान के बाहर अपनी कार पार्क की थी। आशंका है कि वाहन न्यूट्रल गियर में छोड़ा गया और चालक हैंड ब्रेक लगाना भूल गया, जिसके चलते कार अचानक पीछे की ओर लुढ़ककर लगभग 60 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
मौके पर SDRF और पुलिस की रेस्क्यू कार्रवाई
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF खैरना पोस्ट की टीम निरीक्षक राजेश जोशी के नेतृत्व में मौके पर पहुँची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने तीन शवों को खाई से निकालकर खैरना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गंभीर रूप से घायल एकमात्र सवार मनोज कुमार को भवाली के सीएचसी सेंटर भेजा गया।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोग अल्मोड़ा के रहने वाले थे:
संजय बिष्ट
सुरेंद्र भंडारी
पुष्कर भैसोड़ा
मनोज कुमार हादसे में घायल हुए हैं और उनका इलाज जारी है।
प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मार्ग पर ट्रैफिक बढ़ने से दुर्घटनाओं की संख्या बढ़ने के बाद पुलिस ड्राइवरों से सतर्कता बरतने की अपील कर रही है।
