हल्द्वानी: काठगोदाम में कॉलटैक्स के पास नहर में गिरे युवक का शव बुधवार सुबह मुखानी क्षेत्र से बरामद हुआ। मंगलवार देर रात युवक नहर में गिरकर बह गया था, जिसके बाद पुलिस, एनडीआरएफ और सिंचाई विभाग की टीमों ने देर रात तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी थी।
बुधवार सुबह अभियान दोबारा शुरू किया गया, तब जाकर मुखानी क्षेत्र की नहर से युवक का शव मिला।
मल्ला काठगोदाम चौकी इंचार्ज दिलीप कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान रवि कुमार उर्फ मोनू (30) पुत्र स्व. राजपाल, निवासी कांठ (मुरादाबाद) के रूप में हुई है। वह इंद्रानगर, काठगोदाम में अपनी बहन मंजू लता के साथ रहता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
