भीमताल: भीमताल क्षेत्र के सातताल स्थित गरुणताल के पास सोमवार देर रात एक टैक्सी चालक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद थाना भीमताल पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
थानाध्यक्ष संजीत कुमार राठौड़ ने बताया कि मृतक की पहचान सुरेश राम (34 वर्ष), पुत्र जगदीश राम, निवासी क्वारब (अल्मोड़ा) के रूप में हुई है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि मृतक पिछले कुछ समय से पारिवारिक तनाव में था। पुलिस को आशंका है कि इसी तनाव के चलते उसने आत्महत्या की होगी।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो पाएगी। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
