पिथौरागढ़ जिले के सीमांत मूनाकोट क्षेत्र में दर्दनाक हादसा हुआ। राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिलिंग्या में तैनात सहायक अध्यापक उमेश प्रकाश (42 वर्ष) छुट्टी के बाद घर लौटते समय असंतुलित होकर खाई में गिर गए। देर तक घर न पहुँचने पर अन्य शिक्षकों ने खोजबीन की तो उनका बैग खाई में मिला। इसके बाद पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी गई।
एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला और अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर से शिक्षकों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक शिक्षक मूल रूप से सितारगंज के रहने वाले थे और वर्तमान में पिथौरागढ़ जिला मुख्यालय में परिवार के साथ रहते थे।
गौरतलब है कि इसी साल मई महीने में धारचूला क्षेत्र में भी एक शिक्षक की बोल्डर की चपेट में आने से मौत हो चुकी है।

