हल्द्वानी: काठगोदाम क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक कार मैकेनिक पर सामूहिक हमला कर दिया गया। चार से पांच कारों में सवार होकर आए 15 से 20 युवकों ने लाठी-डंडों से मैकेनिक को बेरहमी से पीटा और मरा समझकर मौके से फरार हो गए। घायल मैकेनिक ने शनिवार शाम काठगोदाम थाने में तहरीर दी है।
पीड़ित की पहचान काठगोदाम निवासी बबलू के रूप में हुई है। बबलू ने पुलिस को बताया कि वह काठगोदाम में कार मैकेनिक का काम करता है। शुक्रवार देर शाम उसकी दुकान पर अचानक कई कारें आकर रुकीं, जिनसे बड़ी संख्या में युवक उतरे और बिना किसी चेतावनी के उस पर हमला कर दिया।
बबलू के अनुसार, हमलावरों ने उसकी दुकान को अतिक्रमण बताते हुए जगह खाली करने को कहा। विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित ने हमलावरों पर धार्मिक टिप्पणी करने का भी आरोप लगाया है।
हमले के बाद आरोपी युवक उसे मरा समझकर फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मामले में काठगोदाम पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
सीओ हल्द्वानी अमित कुमार ने बताया कि तहरीर मिल चुकी है और मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी के जरिए हमलावरों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
