रामनगर: पटाखों से खेलने की कोशिश तीन बच्चों के लिए दर्दनाक साबित हुई। नई बस्ती कानिया क्षेत्र में रविवार देर शाम पटाखों का बारूद निकालकर प्लास्टिक की बोतल में भरना तीन किशोरों को भारी पड़ गया। बोतल में धमाका होने से तीनों झुलस गए, जिनमें 11 वर्षीय मोहन रौतेला की हालत गंभीर है।
जानकारी के अनुसार, मोहन अपने साथियों मनीष सैनी और भानु सैनी के साथ पटाखों का बारूद निकालकर प्लास्टिक की बोतल में भर रहा था। इसी दौरान समीप जलाई गई आग की चिंगारी बोतल में चली गई, जिससे तेज धमाका हो गया। विस्फोट में मोहन गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि मनीष और भानु को हल्की चोटें आईं।
तीनों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद मनीष और भानु को छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने मोहन की गंभीर स्थिति देखते हुए उसे हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल से ऋषिकेश एम्स रेफर कर दिया।
मोहन के पिता नंदन सिंह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता बच्चे की मदद के लिए आगे आए हैं। कानिया के पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य हेमंत बिष्ट और सामाजिक कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह घुघत्याल ने लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की है।
