नैनीताल। ग्राम बजूँन तोक दूदिला में अधोडा–गैरीखेत–अकशु मोटरमार्ग से आए मलबे ने भारी तबाही मचा दी। अचानक आए इस मलबे में तीन भाइयों की लगभग 20 नाली कृषि भूमि मलबे में समा गई। साथ ही कई परिवारों को गंभीर नुकसान पहुँचा है।
ग्रामीण हरेंद्र सिंह ढैला का दोमंजिला मकान पूरी तरह मलबे में दब गया। मकान के निचले हिस्से में बनी गोशाला में बंधी 2 गायें, 2 भैंसें, 1 घोड़ा और 2 बछियाएँ मलबे में दबकर मर गईं। चारा काटने की मशीन भी मलबे में दब गई। हादसे के दौरान बिजली का पोल गिरने से पूरे क्षेत्र में करंट फैल गया, जिससे दहशत का माहौल बन गया।
मलबा पुरन सिंह ढैला के मकान से होता हुआ भूपाल सिंह के घर तक घुस गया। इन तीनों परिवारों के मकानों और खेतों को भारी नुकसान पहुँचा है। करीब 10 खेत पूरी तरह मलबे में दब गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष 14 सितंबर को भी इसी क्षेत्र में मलबा आया था, जिसमें भूपाल सिंह का आधा मकान क्षतिग्रस्त हुआ था। वहीं, हरेंद्र सिंह के पुत्र गणेश और उमेश सिंह ढैला ने कहा कि वर्ष 2007 में भी ऐसा हादसा हुआ था, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया।
