
हल्द्वानी। शहर के मुखानी थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां एक ढाबा संचालक पर 13 वर्षीय नाबालिग के साथ छह महीने तक दुष्कर्म करने और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया गया है। मामला तब उजागर हुआ जब पीड़िता को पेट दर्द की शिकायत पर अस्पताल ले जाया गया और मेडिकल जांच में वह छह महीने की गर्भवती पाई गई।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि आरोपी राहुल कुमार (25 वर्ष), निवासी शीतलखेत (अल्मोड़ा), ने उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर अपने पास रखा और कई महीनों तक उसके साथ जबरन संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने पीड़िता को धमकाकर चुप रहने के लिए मजबूर किया।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने मुखानी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धमकी देने और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया है।
थाना प्रभारी दिनेश जोशी ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों को आश्वासन दिया गया है कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।