हल्द्वानी: मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मंगलवार को अन्तर्राष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में चल रही फेंसिंग प्रतियोगिता का निरीक्षण किया। उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनकी आवश्यकताओं, प्रशिक्षण सुविधाओं और खेल उपकरणों की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही खिलाड़ियों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि खिलाड़ियों को बेहतर और उच्च स्तरीय सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएँ ताकि वे बिना किसी कठिनाई के प्रशिक्षण और प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकें। उन्होंने स्टेडियम में लगे सभी उपकरणों का ए॰एम॰सी (Annual Maintenance Contract) कराने तथा उपकरणों की समय-समय पर देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, इंडोर स्टेडियम में ए॰सी के तापमान की निगरानी के लिए आधुनिक टेम्परेचर मॉनिटरिंग डिवाइस लगाने का भी आदेश दिया।
दीपक रावत ने बताया कि उपकरणों के दीर्घकालीन रखरखाव के लिए शासन से अनुरोध किया गया है कि सरकार अथवा पेशेवर संस्थानों को इस कार्य के लिए अधिकृत किया जाए, ताकि उपकरण समय पर दुरुस्त किए जा सकें और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएँ मिलती रहें।
प्रतियोगिता 8 सितम्बर से 12 सितम्बर तक आयोजित हो रही है, जिसमें देश के 26 राज्यों से लगभग 500 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। निरीक्षण के दौरान फेंसिंग एसोसिएशन के महासचिव राजीव मेहता, उपनिदेशक खेल रशिका सिद्दीकी, जिला क्रीड़ा अधिकारी निर्मला पंत, तहसीलदार मनीषा बिष्ट सहित अन्य अधिकारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।
