देहरादून: देहरादून के कोतवाली कैंट क्षेत्र के शास्त्री नगर डाकरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने कथित रूप से 10 साल की बच्ची को 50 रुपये का लालच देकर अपने घर की दूसरी मंजिल पर लगे सोलर पैनल की सफाई के लिए भेज दिया। सफाई के दौरान बच्ची का पैर फिसल गया और वह लगभग 25 फीट नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
लोहे की नुकीली ग्रिल में फंस गया जबड़ा
गिरते समय बच्ची पड़ोसी के गेट में लगी नुकीली लोहे की ग्रिल पर आकर फंस गई। ग्रिल में उसका जबड़ा जा अटका और बुरी तरह फट गया। बच्ची बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के समय बच्ची के माता-पिता मजदूरी पर गए हुए थे।
50 रुपये देकर काम करवाने का आरोप
बच्ची की मां के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 10 बजे बच्ची अपने छोटे भाई के साथ घर के बाहर खेल रही थी। तभी पड़ोसी महिला उसे 50 रुपये देने का लालच देकर अपने घर ले गई और उसे दूसरी मंजिल की छत पर सोलर पैनल साफ करने को कह दिया। महिला नीचे से पानी की बाल्टी दे रही थी जबकि बच्ची ऊपर पैनल साफ कर रही थी।
गंभीर चोट लगने पर पड़ोसी उसे पहले एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन आरोप है कि अस्पताल ने इलाज शुरू करने से पहले 4 लाख रुपये जमा करने को कहा। गरीब परिवार इतनी रकम नहीं जुटा सका, जिसके बाद बच्ची को दून अस्पताल लाया गया।
बच्ची का दून अस्पताल में इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, लोहे की ग्रिल लगने से उसके खून में संक्रमण फैल गया है और रक्त बदलना पड़ा है। इसके अलावा उसके सीने में भी गंभीर चोटें हैं।
स्थिति नाजुक बनी हुई है।
