देहरादून: रायपुर थाना में पीआरडी जवान की मौत के मामले में पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। इस प्रकरण में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने सख्त रुख अपनाते हुए एक और कार्रवाई की है। पहले जहां थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन अटैच किया गया था, वहीं अब एक उप निरीक्षक को भी निलंबित कर दिया गया है।
जारी जानकारी के अनुसार, 28 मार्च को हुई इस घटना के बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डालनवाला थाना से तैनात किए गए उप निरीक्षक कृष्ण कुमार सिंह पर ड्यूटी के दौरान अनुशासनहीन व्यवहार का आरोप लगा। इसी के चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया।
मामला उस समय सामने आया जब पीआरडी जवान सुनील रतूड़ी की रायपुर थाने में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, युवक ने हिरासत में कंबल के सहारे फांसी लगा ली थी। हालांकि, मृतक के परिजन इस दावे से सहमत नहीं हैं और उन्होंने इसे हिरासत में हुई मौत बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि घटना के समय थाने में मौजूद सभी पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए और उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं। इस बीच, एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना रायपुर के एसएचओ और तीन अन्य कर्मियों को भी लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 28 मार्च की रात डायल 112 पर सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति पेट्रोल पंप पर पैसे देने से इनकार कर रहा है और खुद को पुलिसकर्मी बताकर हंगामा कर रहा है। इसके बाद उसे हिरासत में लिया गया, जहां बाद में वह अचेत अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
