देहरादून: उत्तराखंड पुलिस और एसटीएफ ने यूकेएसएसएससी स्नातक स्तरीय परीक्षा से ठीक पहले बड़ी कार्रवाई करते हुए नकल गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान गिरोह के सरगना हाकम सिंह रावत और उसके साथी पंकज गौड़ को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, गिरोह अभ्यर्थियों से परीक्षा पास कराने के नाम पर 12 से 15 लाख रुपये तक वसूल रहा था। योजना यह थी कि यदि कोई अभ्यर्थी स्वयं चयनित हो जाता तो आरोपियों पैसे हड़प लेते, और यदि चयन न होता तो “अगली परीक्षा में एडजस्ट” करने के नाम पर उन्हें दोबारा फँसाया जाता।
देहरादून एसटीएफ और पुलिस ने गोपनीय सूचना पर जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को पटेलनगर क्षेत्र से पकड़ा। उनके खिलाफ उत्तराखंड प्रतियोगी परीक्षा अध्यादेश 2023 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि हाकम सिंह पहले भी इसी तरह के मामलों में जेल जा चुका है। इस गिरफ्तारी के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने नकल माफिया को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी और कई मीम्स भी शेयर किए।
21 सितंबर को होने वाली परीक्षा को देखते हुए पुलिस पहले से ही सतर्क थी। अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित है।
