देहरादून: राजधानी देहरादून में छात्र-छात्रा के बीच मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों ने गुस्से में आकर एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना क्लेमेंटाउन थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार युवक और युवती के बीच पहले किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़कर झगड़े में बदल गई। बताया जा रहा है कि गुस्से में युवती ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इसके बाद विवाद और बढ़ गया और युवक ने भी युवती पर चाकू से वार कर दिया। इस घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद छात्रों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए दून अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार दोनों छात्र क्लेमेंटाउन क्षेत्र में स्थित एक निजी विश्वविद्यालय में एमसीए प्रथम वर्ष के विद्यार्थी हैं और दोनों अलग-अलग निजी हॉस्टलों में रहते हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। लेकिन हाल ही में युवती के किसी अन्य युवक के संपर्क में आने की जानकारी मिलने के बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो बाद में हिंसक झड़प में बदल गया।
घायल युवक मूल रूप से मुजफ्फरनगर का रहने वाला बताया जा रहा है, जबकि युवती देहरादून के रायपुर क्षेत्र की निवासी है।
इस मामले में प्रमोद कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर क्लेमेंटाउन थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि दोनों छात्र एक निजी शिक्षण संस्थान में पढ़ते हैं और उनके बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। किसी अन्य युवक को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
