देहरादून: जिले में गैस आपूर्ति बाधित होने के चलते तेल कंपनियों ने नए एलपीजी कनेक्शन जारी करने पर अस्थायी रोक लगा दी है। स्थिति यह है कि पहले से बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को भी समय पर गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, नए कनेक्शन देने के साथ भरा सिलेंडर उपलब्ध कराना जरूरी होता है, लेकिन मौजूदा सप्लाई प्रभावित होने के कारण एजेंसियां नए उपभोक्ता जोड़ने से बच रही हैं। इतना ही नहीं, एक एजेंसी से दूसरी एजेंसी में कनेक्शन ट्रांसफर पर भी फिलहाल रोक लगा दी गई है। कंपनियों ने नए कनेक्शन से जुड़े सॉफ्टवेयर तक ब्लॉक कर दिए हैं।
जिले में करीब सात लाख घरेलू और लगभग 19 हजार कमर्शियल उपभोक्ता हैं, जिनमें से कई को गैस की समय पर डिलीवरी नहीं मिल पा रही है। हालांकि जिन एजेंसियों पर बैकलॉग कम है, वहां कुछ उपभोक्ताओं को 24 घंटे के भीतर डिलीवरी मिल रही है।
प्रशासन ने हालात को देखते हुए गैस स्टॉक बढ़ाने और कालाबाजारी रोकने के लिए सख्ती बढ़ा दी है। एजेंसियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और अनियमितता मिलने पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच राहत की बात यह है कि जिन इलाकों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की सुविधा उपलब्ध है, वहां उपभोक्ता नए कनेक्शन ले सकते हैं। फिलहाल शहर में करीब 2200 घरों में PNG सप्लाई दी जा रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, गैस आपूर्ति सामान्य होते ही नए कनेक्शन फिर से शुरू कर दिए जाएंगे और उपभोक्ताओं को ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
