देहरादून: देहरादून के कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत दीपावली की रात निरंजनपुर सब्जी मंडी में स्थित एक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दीपावली के अवसर पर छोड़ा गया एक रॉकेट दुकान की छत पर रखी अंडों की खाली क्रेट पर आकर गिरा, जिससे आग भड़क उठी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
कोतवाली पटेल नगर प्रभारी चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि दमकल विभाग ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया। वहीं नगर अग्निशमन अधिकारी किशोर उपाध्याय ने जानकारी दी कि दीपावली की रात देहरादून शहर में कुल 12 स्थानों पर आग लगने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें फायर ब्रिगेड ने समय रहते कार्रवाई कर हालात काबू में किए।
