उत्तराखंड मौसम अपडेट
देहरादून: दीपावली का त्योहार देशभर में बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। धनतेरस से शुरू यह पर्व भैया दूज तक करीब एक सप्ताह तक चलता है। इस कारण बाजारों में लोगों की भीड़ रिकॉर्ड तोड़ रही है। लेकिन पिछले महीने दशहरा पर हुई अचानक बारिश ने त्योहार का मजा कुछ हद तक किरकिरा कर दिया था।
2 अक्टूबर को दशहरा पर्व पर कई जगह रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतले पूरी तरह जल नहीं पाए थे। देहरादून के परेड ग्राउंड में भी पुतले बारिश के कारण भीग गए थे। सीएम पुष्कर सिंह धामी भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। बारिश की वजह से दिल्ली में पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम भी रद्द हो गए थे।
अब दीपावली को लेकर लोग मौसम को लेकर चिंतित हैं। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने बताया है कि 20 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
बाजारों में दीपावली की रौनक देखने को मिल रही है। लोग बढ़-चढ़कर खरीदारी कर रहे हैं, खासकर मिट्टी के हैंडमेड दिए, माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की मूर्तियां। स्वदेशी उत्पादों की डिमांड भी काफी बढ़ गई है और व्यापारी इस मौके से खुश नजर आ रहे हैं।
