देहरादून: थाना नेहरू कॉलोनी पुलिस ने स्नैचिंग की दो अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी एम-टेक डिग्री धारक है। आरोपियों के कब्जे से दोनों घटनाओं में छीने गए 3 मोबाइल फोन, नकदी और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, नेहरू कॉलोनी निवासी एक महिला ने 11 सितंबर को शिकायत दी थी कि एमडीडीए कॉलोनी बिजली घर के पास पीछे से आए बाइक सवार ने उनका बैग छीन लिया। इसमें मोबाइल फोन और अन्य जरूरी कागजात थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने फ्लाई ओवर बाईपास के नीचे से अमनदीप उर्फ नानू और कुणाल चौहान को गिरफ्तार किया। तलाशी में उनके पास से लूटे गए मोबाइल फोन, दो अन्य फोन और नकदी बरामद हुई। आरोपियों ने रायपुर क्षेत्र में 11 सितंबर को एक महिला का पर्स भी छीना था, जिसमें मोबाइल और नकदी मिली।
थाना प्रभारी संजीत कुमार ने बताया कि दोनों आरोपी पिछले तीन साल से एक-दूसरे को जानते हैं और नशे के आदी हैं। नशे की पूर्ति के लिए उन्होंने स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम दिया। आरोपी कुणाल ने श्रीनगर स्थित शिक्षण संस्थान से एम-टेक की डिग्री प्राप्त की है।
