देहरादून: राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के मुख्य समारोह में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नौ नवंबर को सुबह 11 बजे देहरादून पहुंचेंगे। वह करीब ढाई घंटे तक दून में रहेंगे और कार्यक्रम में भाग लेंगे।
एफआरआई परिसर में होने वाले इस भव्य आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। अनुमान है कि कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए एफआरआई में विशेष सजावट की गई है, जिसमें राज्य के 25 वर्ष के विकास की झलक प्रदर्शित की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को सुबह लगभग 11 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर पहुंचेंगे, जहां से वह सेना के हेलिकॉप्टर से इंडियन मिलिट्री एकेडमी (आईएमए) जाएंगे। इसके बाद वह एफआरआई में आयोजित मुख्य समारोह स्थल पर पहुंचेंगे।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीएम मोदी लगभग दोपहर 1:15 बजे तक कार्यक्रम में रहेंगे और उसके बाद लगभग 1:30 बजे देहरादून से प्रस्थान करेंगे।
