देहरादून: शहर में 16 दिन में 5 कत्ल ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार सुबह सिल्वर सिटी मॉल में जिम करने आए एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव मॉल की सीढ़ियों पर पड़ा मिला। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान 45 वर्षीय विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो काशीपुर में स्टोन क्रशर संचालित करता था और देहरादून के रेसकोर्स क्षेत्र में रहता था। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 9 बजे जिम पहुंचा था और लगभग 10:30 बजे नीचे उतरते समय दो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। उसे तीन गोलियां लगीं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे। मॉल के बाहर मुख्य सड़क पर एक अन्य साथी बाइक लेकर तैयार खड़ा था। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।
पुलिस को आशंका है कि मृतक को पहले से जान का खतरा था। बताया जा रहा है कि वह अपने साथ पिस्टल भी लेकर आया था, लेकिन हमलावरों ने उसे संभलने का मौका नहीं दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, एसएसपी अजय सिंह और एसएसपी एसटीएफ नवनीत भुल्लर मौके पर पहुंचे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सभी एंगल से जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक विक्रम शर्मा के खिलाफ कई आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। प्रारंभिक जांच में घटना को आपसी रंजिश या गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।
