नैनीताल: दिल्ली बम धमाके की जांच में मिले संभावित इनपुट के आधार पर तल्लीताल स्थित मस्जिद के मौलाना मोहम्मद नईम से शनिवार देर रात तक पूछताछ की गई। पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने कई घंटों तक उनसे जानकारी जुटाई। रात करीब 11 बजे पूछताछ समाप्त होने के बाद मौलाना को छोड़ दिया गया।
रविवार सुबह मौलाना नईम ने रोज की तरह मस्जिद में सुबह 6 बजे अजान पढ़वाई। इसके बाद दिनभर क्षेत्र की गतिविधियां सामान्य रहीं और लोगों में किसी तरह की अफरा-तफरी नहीं दिखी।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम तल्लीताल बूचड़खाना स्थित मस्जिद पहुंची और मौलाना को हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए ले गई। पुलिस अधिकारी और खुफिया विभाग के कर्मचारी देर रात तक पूछताछ में जुटे रहे।
बताया जा रहा है कि दिल्ली बम धमाका मामले की जांच के दौरान कुछ इनपुट नैनीताल से जुड़े होने की आशंका पर यह कार्रवाई की गई। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
