उत्तराखंड: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से सुबह-शाम ही नहीं बल्कि दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है, लेकिन प्रदेशभर में अभी बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू होने के आसार नहीं दिख रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तापमान में तेज गिरावट आमतौर पर बारिश के बाद होती है और जब तापमान शून्य के आसपास पहुंचता है, तभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी संभव होती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार इस बार नवंबर की शुरुआत से अब तक ऊंचाई वाले इलाकों में सिर्फ एक-दो हल्की बर्फबारी हुई है। आमतौर पर इसी समय हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी शुरू हो जाती है, जिसका असर मैदानी जिलों में भी महसूस होता है। लेकिन मानसून की विदाई के बाद बारिश बिल्कुल न होने से तापमान बर्फबारी के अनुकूल स्तर तक नहीं गिर पा रहा है।
इधर, रविवार को मौसम विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में भी प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया गया है। देहरादून में आसमान साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री तक रहने की संभावना है।
प्रदेश में फिलहाल सर्दी धीरे-धीरे बढ़ रही है, लेकिन बारिश और बर्फबारी का इंतजार अभी जारी है।
