भीमताल: गुरुवार को भीमताल ब्लॉक सभागार में क्षेत्र पंचायत की प्रथम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट ने की। बैठक का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अनामिका, ज्येष्ठ प्रमुख, कनिष्ठ प्रमुख और खंड विकास अधिकारी के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
बैठक की शुरुआत जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के परिचय से हुई। इसके बाद क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याएँ सामने रखीं।
सड़कों और आधारभूत ढांचे पर रही सबसे बड़ी चिंता
नलनी गांव के प्रधान ने सड़क निर्माण की मांग उठाई। इस पर लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता कृष्ण कुमार ने बरसात के बाद निर्माण कार्य शुरू करने की बात कही।
रोखड़ के प्रधान योगेश्वर ने टूटी सड़क का मुद्दा उठाया, जिस पर 15 सितंबर के बाद कार्य शुरू करने का आश्वासन दिया गया।
पांडे गांव में क्षतिग्रस्त सड़कों, नालियों और कलमठ खोलने की मांग रखी गई।
नौकुचियाताल क्षेत्र के कमलताल के पास धंसी सड़क को ठीक करने की मांग क्षेत्र पंचायत सदस्य दुर्गा दत्त ने की।
जंगलिया गांव की प्रधान राधा कुल्याल ने पंचायत घर के पास भूस्खलन से क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त करने की बात कही।
विभागीय रिपोर्ट
बैठक में पीएमजीएसवाई विभाग ने जानकारी दी कि ब्लॉक की 10 सड़कों में से 3 की डीपीआर भेज दी गई है, जबकि शेष पर कार्य शीघ्र शुरू होगा। इसके अलावा जल जीवन मिशन, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत और राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
ब्लॉक प्रमुख के निर्देश
डॉ. हरीश बिष्ट ने कहा कि विभागीय अधिकारी जनप्रतिनिधियों की समस्याओं पर गंभीरता से और त्वरित कार्यवाही करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि बरसात खत्म होते ही सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए और ब्लॉक के दो विद्यालयों को मॉडल स्कूल के रूप में विकसित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने अधिकारियों को समय पर कार्य पूर्ण करने और समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।


