नैनीताल: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से नैनीताल जिले में जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में नैनीताल में 174 मिमी, हल्द्वानी में 98 मिमी और कैची धाम में 105.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। अन्य क्षेत्रों में भी भारी वर्षा दर्ज हुई है।
भारी बारिश की वजह से जिले में एक राष्ट्रीय राजमार्ग, चार राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग और 20 ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं। सबसे खतरनाक हालात गौला, कोसी और नंधौर नदियों में बने हुए हैं। गौला नदी का जलस्तर 62,302 क्यूसेक, कोसी का 31,385 क्यूसेक और नंधौर का 12,128.88 क्यूसेक दर्ज किया गया है, जो खतरे के निशान से ऊपर है।
सुरक्षा के लिए गौला बैराज के गेट खोलकर पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, बिजली आपूर्ति पर भी बड़ा असर पड़ा है। हैडाखान, ओखलकांडा, अमजड़ मीडार, सुवाकोट और पोखरी क्षेत्रों में बिजली गुल है। कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई है।
चोरगलिया, रामनगर और अन्य क्षेत्रों में नालों में तेज उफान आने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगी हुई हैं। सड़कें खोलने का काम तेजी से किया जा रहा है।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नदियों और नालों के पास न जाएँ और पूरी सावधानी बरतें।
