हल्द्वानी: मंगलपड़ाव पुलिस चौकी से कुछ ही कदम की दूरी पर दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक बुरी तरह घायल हो गया, जिसे तुरंत बेस अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने युवक के होंठ से नाक के पास तक लगे गहरे घाव पर 13 टांके लगाए हैं।
घासमंडी मंगलपड़ाव निवासी 21 वर्षीय विनय राजपूत सब्जी मंडी में गौतम मोंगा की दुकान पर काम करता है। शुक्रवार को वह रोज़ की तरह काम पर गया था और दुकान के बाहर अपनी स्कूटी खड़ी की थी। इसी दौरान स्कूटी हटाने को लेकर किसी युवक से उसकी कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर विनय पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में विनय के चेहरे पर गंभीर चोट आई, जबकि बीच-बचाव में उसका अंगूठा भी लहूलुहान हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची।
विनय के भाई विशाल ने मंगलपड़ाव पुलिस चौकी में तहरीर सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में ले लिया है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि-
“स्कूटी हटाने को लेकर हुए विवाद में हमले की सूचना मिली है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की जांच की जा रही है।”
