नैनीताल। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगामी 3 और 4 नवम्बर को प्रस्तावित नैनीताल भ्रमण एवं प्रवास कार्यक्रम के मद्देनज़र जिले में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े कदम उठाए गए हैं। सुरक्षा कारणों के चलते नैनीताल पुलिस ने समूचे जनपद को ड्रोन नो-फ्लाई ज़ोन घोषित कर दिया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, इन दो दिनों के दौरान जिले की सीमाओं के भीतर किसी भी प्रकार के ड्रोन या अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) को उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क मोड पर रखा गया है। उन्होंने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि सुरक्षा नियमों का पालन करें और ड्रोन या अन्य उड़ने वाले उपकरणों का उपयोग न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
