नैनीताल : जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को विकास भवन सभागार, भीमताल में जिला योजना, राज्य योजना, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं सहित बीस सूत्री कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा बैठक ली।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे कार्य समयबद्धता, पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही, हीलाहवाली या अकर्मण्यता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम रयाल ने कहा कि धनराशि का उपयोग केवल खर्च दिखाने के लिए नहीं, बल्कि जनता के हित में उसका पूर्ण सदुपयोग किया जाना चाहिए। उन्होंने सड़कों के पैचवर्क और गड्ढामुक्त अभियान को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए और कहा कि पीडब्ल्यूडी अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर कार्य की निगरानी करें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लाभार्थी आधारित योजनाओं में वास्तविक पात्र व्यक्तियों का चयन किया जाए ताकि योजनाओं का सीधा लाभ जनता तक पहुंचे। उन्होंने यह भी कहा कि निविदा और टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी कर निर्माण कार्यों को गति दी जाए।
डीएम ने कहा कि सभी विभागों की प्रथम प्राथमिकता जनता के कार्यों का समय पर निपटारा होना चाहिए ताकि लोगों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कृषि, उद्यान और उरेडा विभाग को निर्देश दिए कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में फेंसिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान डीएम ने बताया कि वर्तमान में 21 विभाग A श्रेणी, 10 विभाग B श्रेणी, 5 विभाग C श्रेणी, और 6 विभाग D श्रेणी में हैं। उन्होंने B, C और D श्रेणी के विभागों को निर्देश दिया कि लक्ष्य पूर्ति कर A श्रेणी में शामिल होने के लिए ठोस कदम उठाएं।
बैठक के प्रारंभ में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने जिलाधिकारी का स्वागत किया और योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
उन्होंने बताया कि जिला योजना की ₹7020.50 लाख की स्वीकृत धनराशि में से 45 प्रतिशत राशि व्यय की जा चुकी है, जबकि राज्य सेक्टर में 57%, केंद्र पोषित में 87% और बाह्य सहायतित योजनाओं में 100% धनराशि खर्च की गई है।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल ए.के. गंगवार, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
