नैनीताल : बरसात के दौरान आई आपदाओं से प्रभावित पर्यटन व्यवसाय में दीपावली पर नई रौनक लौटने की उम्मीद है। अभी से नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में 25% से ज्यादा एडवांस होटल बुकिंग हो चुकी है। होटल व्यवसायियों के अनुसार नवरात्र में सीजन कमजोर रहा, लेकिन अब देशभर से सैलानी 18 से 30 अक्टूबर के बीच कमरों की बुकिंग कर रहे हैं।
नैनीताल, भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, रामगढ़ और मुक्तेश्वर जैसे पर्यटन स्थलों पर दीपावली के मौके पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की संभावना है। पर्यटन कारोबारी बताते हैं कि कैंची धाम और नैनीताल आने वाले सैलानी साहसिक खेलों, खासकर पैराग्लाइडिंग को लेकर उत्साह दिखा रहे हैं। बारिश के कारण यह गतिविधियां बंद थीं, लेकिन अब इनके शुरू होने से बुकिंग और बढ़ रही हैं।
कारोबारियों का कहना है कि आपदा से हुए नुकसान की भरपाई अब धीरे-धीरे होने लगी है और दीपावली सीजन में पर्यटन कारोबार को पंख लगने की पूरी उम्मीद है।
