हल्द्वानी: नैनीताल जिले के जिला जज हरीश गोयल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रह्लाद मीणा ने शुक्रवार को हल्द्वानी उपकारागार का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल परिसर का भ्रमण कर बंदियों को दी जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जेल अधीक्षक प्रमोद पांडेय ने अधिकारियों को जेल की व्यवस्थाओं और बंदियों के लिए संचालित सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान अधिकारियों ने कुछ बंदियों से सीधे संवाद भी किया और उनके रहन-सहन व स्वास्थ्य व्यवस्था की स्थिति जानी।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि नियमित निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बंदियों को जेल मैन्युअल के अनुरूप सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि सभी बंदियों को नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा और विधिक सहायता उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
डीएम रयाल ने कहा कि जेल में स्किल डेवलपमेंट की दिशा में सराहनीय कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। महिला बंदियों की सुरक्षा को लेकर डीएम ने निर्देश दिए कि उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी केवल महिला बंदी रक्षकों को ही दी जाए।
साथ ही, जेल में मौजूद छोटे बच्चों के लिए आंगनबाड़ी सुविधा शुरू करने के भी निर्देश अधिकारियों द्वारा दिए गए हैं।
