भवाली। जिलाधिकारी वंदना ने सोमवार को कैंचीधाम परिक्षेत्र में मानसखंड परियोजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों और भवाली बाईपास परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और स्पष्ट निर्देश दिए कि बाईपास पुल का निर्माण 15 अक्टूबर तक हर हाल में पूरा किया जाए।
निरीक्षण के दौरान विभाग ने बताया कि बाईपास का कार्य अगस्त तक पूरा होना था, लेकिन मानसून के कारण देरी हुई है। जिलाधिकारी ने कहा कि विभाग पूर्व में ही जुलाई तक की डेडलाइन तय कर चुका था, ऐसे में ठेकेदार की लापरवाही पर पेनल्टी लगाई जाए।
इसके बाद उन्होंने कैंचीधाम बाईपास की सड़क कटिंग का जायजा लिया। अभी तक लगभग 6 किलोमीटर सड़क कटिंग का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 4 किलोमीटर कार्य शेष है, जिसे एक माह में पूरा करने का आश्वासन दिया गया। पुल निर्माण का प्रस्ताव शासन स्तर पर विचाराधीन है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि पुल निर्माण पूर्ण होने तक इस मार्ग को रातीघाट की पुरानी लिंक रोड से जोड़ा जाए, ताकि आपात स्थिति में वाहनों को ट्रैफिक जाम से राहत मिल सके।
जिलाधिकारी ने रातीघाट में बने अस्थायी हेलीपैड का भी निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत की। स्थानीय लोगों ने नदी से हो रहे भू-कटाव की समस्या उठाई, जिस पर उन्होंने सुरक्षा दीवार बनाने और क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन व संपर्क मार्गों के पुनर्निर्माण के निर्देश दिए।
कैंचीधाम में जिलाधिकारी ने पार्किंग, पैदल पुल, पाथवे, ध्यान केंद्र, सार्वजनिक शौचालय और मेडिकल हेल्प सेंटर सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का भी निरीक्षण किया और तय समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
