हल्द्वानी। देवलचौड़ चौराहे पर लोक निर्माण विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। रातों-रात डामरीकरण कर बनाई गई सड़क को सुबह ही पेयजल लाइन बिछाने के लिए बुलडोज़र से खोद डाला गया। इस गंभीर चूक पर जिलाधिकारी वंदना ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधीक्षण अभियंता (PWD नैनीताल) को तत्काल जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
DM ने स्पष्ट किया कि पेयजल लाइन बिछाने वाली एजेंसी ने पहले ही विभाग से एनओसी ले रखी थी, बावजूद इसके आपसी समन्वय न होने से सड़क पर डामरीकरण कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने आदेश दिया कि रात में किए गए डामरीकरण का भुगतान सरकारी खजाने से नहीं होगा। इसकी रकम सीधे जिम्मेदार लापरवाह अधिकारी के वेतन से वसूली जाएगी और उसके खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि भी दर्ज की जाएगी।
अधीक्षण अभियंता ने जिलाधिकारी को आश्वासन दिया कि दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी और सरकारी धन का दुरुपयोग नहीं होगा। DM वंदना ने इस आदेश की प्रतिलिपि सचिव लोक निर्माण विभाग और मुख्यमंत्री सचिवालय को भी भेज दी है ताकि उच्च स्तर पर भी इसकी निगरानी हो सके।
इस सख्त निर्देश के बाद विभागीय अमले में हड़कंप मचा हुआ है और उम्मीद जताई जा रही है कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न दोहराई जाए।
