नैनीताल। जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी और व्यावसायिक उपयोग की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने साफ निर्देश जारी करते हुए कहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का कमर्शियल डायवर्जन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी परगना अधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया है कि घरेलू गैस के अवैध उपयोग, जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी नजर रखी जाए। इसके लिए तहसीलदार, थानाध्यक्ष और पूर्ति निरीक्षकों की क्विक रिस्पांस टीम गठित करने के निर्देश दिए गए हैं। यह टीम शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई करेगी।
डीएम ने कहा कि स्थानीय सूचना तंत्र को मजबूत बनाते हुए गैस की जमाखोरी, अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर संयुक्त अभियान चलाएंगे, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कहीं भी घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अवैध भंडारण या रिफिलिंग पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, अवैध रिफिलिंग या जमाखोरी की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
शिकायत के लिए संपर्क:
DEOC Nainital – 05942-231179 (Landline)
