नैनीताल: जिलाधिकारी वंदना ने मंगलवार को नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे के रानीबाग से ज्योलिकोट तक सड़क के खराब होने पर एनएच (राष्ट्रीय राजमार्ग) के अधिकारियों को तलब कर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित सड़क को तत्काल दुरुस्त किया जाए और काम की गुणवत्ता की स्वयं निगरानी कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि सड़क का डामरीकरण वर्ष 2021 में किया गया था और अभी तक उसकी मरम्मत व देखरेख की जिम्मेदारी संबंधित ठेकेदार पर है। इसके लिए ठेकेदार को नोटिस भी दिया गया है।
इस पर जिलाधिकारी वंदना ने नाराजगी जताते हुए कहा कि तीन वर्षों में सड़क का पूरी तरह खराब हो जाना स्पष्ट करता है कि डामरीकरण के समय गुणवत्ता की निगरानी करने वाले अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहे। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग नोटिस देकर औपचारिकता निभा रहा है, जबकि वास्तविक कार्रवाई नहीं हो रही।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर सड़क के नवीनीकरण का काम शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही खराब गुणवत्ता के कारण सरकारी धन की बर्बादी करने के आरोप में संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए।
अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया गया है कि सड़क की समय से पहले खराब होने की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराएंगे और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपेंगे।
