रामनगर: नैनीताल जिले के कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर रविवार देर शाम एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जिसने मौके पर अफरा-तफरी मचा दी। प्रिया बैंड के पास एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वाहन के ब्रेक फेल हो गए थे, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और ट्रैवलर पहाड़ी से टकराने के बाद सड़क पर ही उलट गया। वाहन में सवार पर्यटक इस हादसे में घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा यहीं नहीं थमा। पहले ट्रैवलर के ठीक पीछे चल रहा दूसरा टेंपो ट्रैवलर भी अचानक संतुलन खो बैठा और सड़क पर पलट गया। इस दूसरे वाहन में भी कई पर्यटक सवार थे, जिनमें से कई लोग चोटिल हो गए। दोनों वाहनों में कुल 28 यात्री सवार थे, जिनमें से 11 लोग घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि सभी पर्यटक नैनीताल घूमकर गाजियाबाद लौट रहे थे। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस और एंबुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान चलाया।
घायलों को तुरंत कालाढूंगी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दो पर्यटकों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है। बाकी घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की असली वजह जानने के लिए दोनों वाहनों की तकनीकी जांच कराई जा रही है। फिलहाल ब्रेक फेल को मुख्य कारण माना जा रहा है, लेकिन अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।
