हल्द्वानी में UUSDA की बैठक
हल्द्वानी: जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को कैम्प कार्यालय में उत्तराखंड शहरी क्षेत्र विकास एजेंसी (UUSDA) के अंतर्गत हल्द्वानी नगर में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में UUSDA के कार्यक्रम निदेशक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में परियोजना प्रबंधक ने बताया कि नगर की विभिन्न आंतरिक सड़कों पर 122 किलोमीटर तक सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया जा चुका है। अगले सप्ताह से मुख्य सड़कों पर पेयजल व सीवर लाइन निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इनमें लालडाठ से हाईडिल गेट, मुखानी से पनचक्की, मुखानी से आईटीआई तथा पीलीकोठी मुख्य मार्ग शामिल हैं। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कार्यों के दौरान आम लोगों को न्यूनतम परेशानी हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यातायात बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग व्यवस्था सुनिश्चित करने और रात्रिकाल में बेहतर प्रकाश की व्यवस्था के साथ निर्माण कार्य तेज़ करने के निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सहयोग से सुनियोजित यातायात प्लान बनाने के भी निर्देश दिए।

परियोजना प्रबंधक ने बताया कि खुदाई का कार्य दो तरीकों से किया जाएगा। जहां अधिक गहराई और यातायात बाधा की संभावना है, वहां ट्रेंचलेस तकनीक के माध्यम से बिना सतही खुदाई किए पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इससे शहर में अव्यवस्था कम होगी और कार्य समय पर पूरा किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने बरेली रोड स्थित तीनपानी से नरीमन चौराहा तथा कालुसाई मंदिर से कठघरिया तक सड़कों पर चल रहे चिह्नीकरण कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त और लोक निर्माण विभाग को चिह्नीकरण का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि आगे के विकास कार्य समय पर प्रारंभ हो सकें।
बैठक में बिड़ला स्कूल क्षेत्र की कॉलोनियों में रकसिया नाले से होने वाले जलभराव की समस्या पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग, नगर निगम और UUSDA को जलभराव समस्या के स्थायी समाधान हेतु आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जिन क्षेत्रों में सीवर और पेयजल लाइन बिछाने का कार्य होना है, वहां विद्युत पोल और बिजली लाइनों के शिफ्टिंग का कार्य तुरंत शुरू करें। आवश्यक धनराशि के प्रस्ताव समय से एजेंसी को भेजने के निर्देश भी दिए गए।
इसी दौरान नैनीताल के पटवाडांगर में प्रस्तावित एसटीपी निर्माण हेतु भूमि चयन की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी को निर्देश दिए कि समिति के साथ क्षेत्र का पुनः निरीक्षण कर आवश्यक अनापत्ति संबंधी कार्यवाही कर प्रस्ताव जल्द भेजा जाए।
बैठक में UUSDA के कार्यक्रम निदेशक अभिषेक रुहेला, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, परियोजना प्रबंधक कुलदीप सिंह, उपजिलाधिकारी हल्द्वानी राहुल शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
