नैनीताल: कुमाऊँ विश्वविद्यालय के डीएसबी परिसर नैनीताल में बुधवार को छात्र संघ चुनाव 2025-26 के लिए नामांकन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। कुल 18 पदों के विरुद्ध 12 पदों पर नामांकन दाखिल किए गए, जिनके लिए 18 छात्र-छात्राओं ने पर्चे भरे। इनमें से फिलहाल छह पदों पर चुनाव होना तय है। अध्यक्ष पद के लिए तनिष्क मेहरा और करण सती, उपाध्यक्ष पद के लिए शशांक भंडारी और दिनेश चन्द्र, उपाध्यक्ष (छात्रा) पद के लिए प्राची नेगी और तनिशा जोशी, संयुक्त सचिव पद के लिए नितांत और जयवर्धन चन्द्रा, सांस्कृतिक सचिव पद के लिए भावेश विश्वकर्मा और सत्यम सिंह तथा कला संकाय प्रतिनिधि पद के लिए दीपांशु अधिकारी और करण कुमार आमने-सामने होंगे। महासचिव पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी आयुष आर्या निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं, जबकि अन्य पदों पर भी कई उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। नामांकन पत्रों की जाँच और नाम वापसी की प्रक्रिया 25 सितंबर को होगी। चुनाव प्रक्रिया में अधिष्ठाता छात्र कल्याण मंडल, कुलानुशासक मंडल, प्राध्यापक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चन्द्र ने डीएसबी परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी न होने पाए। इसी क्रम में आज दोपहर 12 बजे कला सभागार में प्रत्याशियों और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आयोजित की जाएगी। चुनाव अधिकारी प्रो. अमित जोशी ने निर्देश दिए कि बिना पहचान पत्र किसी भी छात्र-छात्रा को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी और प्रवेश द्वारों पर आईकार्ड की सख्ती से जाँच की जाएगी।
उधर, कुमाऊँ विश्वविद्यालय छात्र महासंघ चुनाव 29 सितंबर को महिला अध्ययन केंद्र द हर्मिटेज में होंगे। चुनाव प्रभारी प्रो. संजय पंत ने बताया कि नामांकन, जाँच, नाम वापसी, मतदान और परिणाम सभी प्रक्रियाएँ उसी दिन पूरी कराई जाएँगी। उन्होंने कहा कि सभी महाविद्यालय प्राचार्य परिणामों की सूचना समय पर उपलब्ध कराएँ।
महासचिव पद पर एनएसयूआई प्रत्याशी आयुष आर्या के निर्विरोध निर्वाचित होने पर परिसर में छात्रों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच खुशी का माहौल रहा। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अनुपम कबड्वाल सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि आयुष आर्या लंबे समय से छात्र हितों के लिए संघर्षरत रहे हैं और परिसर में एनएसयूआई को मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं आयुष ने भी परिसर के छात्रों का आभार जताते हुए कहा कि वह आगे भी छात्र हितों और परिसर की प्रगति के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

