देहरादून: देहरादून के बसंत विहार इलाके में हुई एक दर्दनाक वारदात ने सबको चौंका दिया। 20 साल की युवती विशाखा की हत्या उसके ही बड़े भाई विशाल ने की, जबकि शव को ठिकाने लगाने में उनके किरायेदार लोकेंद्र उर्फ राजा (26) ने साथ दिया। पुलिस ने मंगलवार को राजा को गिरफ्तार कर लिया है और अब फरार चल रहे विशाल की तलाश में जुटी है।
पुलिस की जांच में सामने आया कि विशाखा अपने भाई की नशे की आदतों का विरोध करती थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। वारदात वाली रात 21 सितंबर को भी विवाद बढ़ा और नशे में चूर विशाल ने बहन के हाथ-पैर बांधकर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद वह राजा के पास पहुंचा और धमकी दी कि अगर शव को ठिकाने लगाने में मदद नहीं करेगा तो सुबह उसका कमरा खाली करवा देगा। डर और दबाव में आकर राजा ने साथ दिया। दोनों ने मिलकर शव को सफेद बोरे में भरा और मोटरसाइकिल से चाय बागान के जंगल में फेंक दिया।
22 सितंबर की सुबह बोरे में शव मिलने पर पुलिस को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी खंगाले तो फुटेज में विशाल और राजा एक बोरा ले जाते हुए दिखे। इसी सुराग के आधार पर राजा को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने सारा राज खोल दिया, जबकि विशाल अब भी फरार है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती बयान में राजा ने कहा कि वह हत्या में शामिल नहीं था, लेकिन दोस्ती और धमकी की वजह से शव को ठिकाने लगाने में मजबूरी में शामिल हुआ। फिलहाल पुलिस घटना की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपी विशाल की तलाश तेज कर दी गई है।
