
हल्द्वानी:कुमाऊँ मंडल में भारी बारिश के चलते आपदा की स्थिति बनी हुई है। आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने आज पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि सुबह 8 बजे सभी ज़िलाधिकारियों से क्षेत्रीय हालात की समीक्षा की गई। जानकारी के अनुसार, पूरे मंडल में 71 सड़कें बंद हैं, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य मार्ग और ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।
नैनीताल जिले में तीन राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हैं, जबकि टनकपुर–चंपावत मार्ग खोल दिया गया है। बागेश्वर में कपकोट–नाचनी मार्ग बाधित है। मलबा हटाने का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
पिथौरागढ़ के क्वीटी गांव में आठ मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन समय रहते सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। प्रभावितों को राहत राशि वितरित कर दी गई है। कैलाश मानसरोवर यात्रा का चौथा दल धारचूला में सुरक्षित है। धारचूला–लिपुलेख मार्ग पर भूस्खलन के कारण यात्रा रुकी हुई है।
मैदानी क्षेत्रों में भी प्रशासन सतर्क है। बाजपुर में जलभराव की स्थिति बनी थी, जिसे जल्द नियंत्रित कर लिया गया। हल्द्वानी में नालों के किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।
प्रमुख नदियों का जलस्तर सामान्य से ऊपर है, हालांकि खतरे के निशान को पार नहीं किया है। बाढ़ संभावित क्षेत्रों में राहत केंद्र चिन्हित किए गए हैं और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।
जनता से अपील की गई है कि भारी वर्षा के दौरान नदियों-नालों के पास न रहें, यात्रा से बचें और अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन का लक्ष्य है कि हर प्रभावित व्यक्ति तक समय पर सहायता पहुंचे और सामान्य स्थिति शीघ्र बहाल हो।