प्रतीकात्मक तस्वीर.
लालकुआं: लालकुआं कोतवाली क्षेत्र के हल्दूचौड़ इलाके में एक मेधावी छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। सेना में भर्ती होने का सपना पूरा न हो पाने के कारण लंबे समय से मानसिक तनाव में चल रहे छात्र करन कांडपाल (24) ने आखिरकार जीवन से हार मान ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मामले की गहन जांच कर रही है।
करन, पूर्व सैनिक नवीन चंद्र कांडपाल का इकलौता पुत्र था। परिवार में एक छोटी बहन भी है जो कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। करन ने इस साल बीएससी की फाइनल परीक्षा अच्छे अंकों से पास की थी और लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय का छात्र था। वह पढ़ाई में अव्वल और खुशमिजाज स्वभाव का था। भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा करने का उसका सपना था। वह कई भर्तियों में भाग ले चुका था, लेकिन सफलता न मिलने के चलते मानसिक तनाव में आ गया। कॉलेज प्रशासन ने उसकी काउंसलिंग भी की, परंतु कोई राहत नहीं मिल सकी।
बताया गया कि शनिवार को अचानक करन को पेट में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद उसे सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी ले जाया गया। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का अनुमान है कि उसने जहरीला पदार्थ खा लिया था। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। पुलिस ने शव का पंचनामा कर जांच शुरू कर दी है और परिजनों से बातचीत कर रही है।
करन की मौत से पूरा परिवार टूट चुका है। उसके पिता, जो भारतीय सेना से रिटायर हुए हैं, इस दुख से बेहद आहत हैं। करन अपने पिता की तरह देश सेवा करना चाहता था, लेकिन मनचाहा सपना अधूरा रह गया। पूरे क्षेत्र में उसकी मौत को लेकर दुख व्यक्त किया जा रहा है।

