देहरादून: देहरादून से एक बेहद गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। नौ महीने पहले डिलीवरी के दौरान डॉक्टरों ने एक महिला के पेट में पट्टी छोड़ दी, जिसके चलते अब उसकी मौत हो गई। इस घटना ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन दोनों को हिला दिया है।
लक्खीबाग निवासी प्रज्वल की पत्नी 26 वर्षीय ज्योति ने 29 जनवरी 2025 को मदर केयर अस्पताल, डालनवाला में ऑपरेशन के जरिए बेटी को जन्म दिया था। कुछ दिन बाद ही उसे पेट में दर्द और तबीयत बिगड़ने की शिकायत रहने लगी। कई बार इलाज के लिए उसी अस्पताल में ले जाने के बावजूद डॉक्टरों ने उसे सामान्य बताते हुए दवाइयाँ देकर घर भेज दिया।
हाल ही में ज्योति की हालत गंभीर हुई तो परिजनों ने उसे ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया। जांच के बाद डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन किया, जिसमें पेट से पुरानी पट्टी बरामद हुई। संक्रमण फैल जाने के कारण ज्योति की हालत बिगड़ गई और उसने रविवार देर रात दम तोड़ दिया।
घटना के बाद परिजनों ने शव को मदर केयर अस्पताल के सामने रखकर विरोध प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात काबू में किए और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया है और उसका रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया है। साथ ही एसीएमओ की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई है, जिसे शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
