नैनीताल :वीकेंड पर हल्द्वानी बस अड्डा शनिवार को पर्यटकों की भीड़ से गुलजार रहा। नैनीताल और कैंची धाम की ओर जाने के लिए हजारों यात्रियों ने रोडवेज बसों का रुख किया। अचानक बढ़ी भीड़ के चलते यात्रियों को सीट पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी।
स्थिति को संभालने के लिए रोडवेज प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए मैदानी रूट की बसों को पहाड़ी मार्गों पर डायवर्ट किया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया।
हल्द्वानी व काठगोदाम डिपो की नियमित 30 बसों के अतिरिक्त 20 से ज्यादा अतिरिक्त बसें चलाई गईं। इस अभियान में एआरएम संजय पांडे, राजेंद्र आर्य, इंदिरा भट्ट और नवीन कोठारी समेत रोडवेज स्टाफ पूरी मुस्तैदी से जुटा रहा।
नैनीताल रूट पर दोपहिया वाहनों पर लगे प्रतिबंध को भी बसों में भीड़ का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पर्यटक अब व्यक्तिगत वाहनों की जगह बसों से सफर कर रहे हैं, जिससे रोडवेज की आय में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
काठगोदाम डिपो की 40 से अधिक बसों ने शुक्रवार को एक दिन में रिकॉर्ड 22 लाख रुपये की कमाई की। एआरएम राजेंद्र आर्य ने बताया कि बीते कई महीनों में पहली बार आय इतनी बढ़ी है। अनुबंधित 9 वॉल्वो बसों ने अकेले चार लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया।
दिल्ली रूट पर नशे में हंगामा करने वाले एक अनुबंधित चालक को रोडवेज ने ब्लैकलिस्ट कर दिया है। चालक की लापरवाही से यात्रियों की जान खतरे में पड़ी और निगम को नुकसान उठाना पड़ा। रोडवेज अब बस स्वामी से ₹30,000 का जुर्माना वसूलेगा।