नैनीताल: नव नियुक्त जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के कार्यभार संभालते ही जिले में प्रशासनिक गतिविधियों की रफ्तार तेज हो गई है। उनके निर्देश के 48 घंटे के भीतर ही जिले के कई गांवों में चौपालों के माध्यम से विरासतन नामांतरण और राजस्व प्रकरणों का निस्तारण शुरू हो गया है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी के निर्देशानुसार तहसील नैनीताल, धारी और खनस्यूँ क्षेत्रों में राजस्व उपनिरीक्षकों द्वारा गांवों में चौपालें आयोजित की गईं। इन चौपालों में ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर ही सुना और सुलझाया गया।
तहसील नैनीताल अंतर्गत पट्टी नथुवाखान, तहसील धारी के विभिन्न क्षेत्रों में 21 प्रकरण, जबकि खनस्यूँ तहसील में 12 प्रकरण दर्ज किए गए। इन सभी कुल 33 मामलों का निस्तारण वहीं मौके पर कर दिया गया।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की चौपालें गांव-गांव तक प्रशासन को जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं। इससे न केवल जनता की समस्याएं समय पर हल होंगी, बल्कि अधिकारियों और आमजन के बीच संवाद भी मजबूत होगा।
