काशीपुर: उधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में रविवार देर रात बड़ा बवाल हो गया। मोहल्ला अल्ली खां में निकाले जा रहे जुलूस के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया और उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। पथराव से पुलिस की गाड़ी के शीशे टूट गए। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, बिना अनुमति के निकाले गए इस जुलूस में सैकड़ों युवक शामिल थे। विवाद बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाने की कोशिश की, लेकिन उपद्रवी नहीं माने। देखते ही देखते पुलिस और उपद्रवियों के बीच झड़प भी हो गई, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया।
स्थिति बिगड़ने पर आलाधिकारी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। सीओ दीपक सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर-बितर कर दिया।
फिलहाल मोहल्ला अल्ली खां में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। काशीपुर और आसपास के थानों से पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि दोबारा स्थिति न बिगड़े।
एसपी अभय सिंह ने बताया कि नदीम अख्तर नामक व्यक्ति ने बिना प्रशासनिक अनुमति के जुलूस निकाला था। पुलिस पथराव करने वालों की पहचान कर रही है और वीडियो फुटेज के आधार पर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। उन्होंने साफ कहा कि कानून व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा।
