देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को बिना किसी पूर्व सूचना के आईएसबीटी देहरादून का निरीक्षण किया। उनके अचानक पहुँचने से प्रशासन और परिवहन विभाग के अधिकारियों में अफरा-तफ़री का माहौल बन गया। मुख्यमंत्री ने बस अड्डे की साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा प्रबंधों और संचालन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर फैली गंदगी, अव्यवस्थित व्यवस्था और साफ-सफाई में लापरवाही देखकर मुख्यमंत्री नाराज़ दिखाई दिए। उन्होंने कहा कि राज्य के सबसे महत्वपूर्ण परिवहन केंद्रों में से एक आईएसबीटी की ऐसी स्थिति स्वीकार्य नहीं है। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड उठाकर सफाई की और अधिकारियों को सख्त संदेश दिया कि स्वच्छता केवल कागजों में नहीं, जमीनी स्तर पर दिखाई देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री धामी ने परिवहन विभाग और एमडीडीए को निर्देश दिए कि आईएसबीटी की नियमित सफाई, यात्रियों की सुविधा, शौचालय व पेयजल की उपलब्धता, टिकट व्यवस्था, और बस संचालन को तुरंत सुधारते हुए मानक के अनुरूप बनाया जाए। उन्होंने एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को स्पष्ट कहा कि आईएसबीटी की अव्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर तत्काल अमल में लाई जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने यात्रियों से बातचीत कर उनकी परेशानियों एवं सुझावों को भी सुना। उन्होंने कहा कि राज्य एक प्रमुख पर्यटन और तीर्थ गंतव्य है, इसलिए यहां आने वाले यात्रियों का अनुभव सीधा राज्य की छवि तय करता है। इसी कारण परिवहन केंद्रों पर स्वच्छता और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार जल्द ही राज्यभर में जनसहभागिता आधारित व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में आईएसबीटी की स्थिति में सुधार नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
