नैनीताल: नंदा देवी महोत्सव के डोला भ्रमण के दौरान चोर-उचक्के भीड़ का फायदा उठाकर सक्रिय हो गए। एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक चोर युवक की सोने की चेन दांत से काटने की कोशिश करता दिख रहा है। हालांकि चेन गिर जाने से चोरी टल गई।
मंगलसूत्र उड़ाने की दो और पर्स चोरी की छह घटनाएं सामने आई हैं। तल्लीताल और मल्लीताल थाना पुलिस ने करीब दो दर्जन संदिग्धों से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला।
दोपहर करीब 12 बजे जब डोला मंदिर गेट से बाहर निकला, तो भीड़ बढ़ने से धक्का-मुक्की होने लगी। इसी दौरान चोरों ने मौके का फायदा उठाया। बजून निवासी व सीआरएसटी कालेज के रिटायर प्रवक्ता कमलेश पाण्डे की जेब से 17 हजार रुपये नकद, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन के कागजात, एटीएम और पैन कार्ड सहित पर्स चोरी हो गया। इसी तरह बीएसएनएल से रिटायर कर्मी सुदर्शन साह का पर्स भी उड़ा लिया गया
इसके अलावा इलाहाबाद बैंक के समीप एक महिला का मंगलसूत्र चोरी हो गया, जबकि दूसरी महिला का मंगलसूत्र टूटकर कपड़ों में उलझने से बच गया।
घटनाओं से स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है। उनका कहना है कि नैनीताल में पहले कभी इस तरह की घटनाएं नहीं होती थीं, लेकिन अब पुलिस की लापरवाही से चोर-उचक्कों के हौसले बुलंद हैं।
कोतवाल हेम पंत ने बताया कि दो मंगलसूत्र चोरी और पर्स चोरी की घटनाएं दर्ज हुई हैं। सीसीटीवी फुटेज और डोला भ्रमण के वीडियो खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा
