देहरादून: प्रारंभिक शिक्षा निदेशक कार्यालय में सरकारी कार्य में बाधा, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में रायपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर अरविंद पुंडीर उर्फ कल्ली, लक्ष्मण नवानी, राकेश थपलियाल और अक्षय राणा शामिल हैं। चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
घटना उस समय की है जब उमेश शर्मा काऊ अपने समर्थकों के साथ ननूरखेड़ा स्थित प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। यहां एक विद्यालय का नाम भूमि दान करने वालों के नाम पर रखने को लेकर बातचीत के दौरान विवाद हो गया। आरोप है कि कुछ लोगों ने कार्यालय में कुर्सियां और अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की और मौजूद कर्मचारियों से मारपीट की, जिसमें कई लोग घायल हुए।
इस मामले में निदेशक अजय कुमार नौडियाल की तहरीर पर लोक सेवक के कार्य में बाधा, चोट पहुंचाने, बलवा, संपत्ति को नुकसान, जान से मारने की धमकी और गाली-गलौज जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं विधायक के गनर कांस्टेबल सुशील रमोला की शिकायत पर भी निदेशालय के कुछ अज्ञात कर्मचारियों के खिलाफ मारपीट और अभद्रता का दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया है।
