नई दिल्ली: सोमवार शाम दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाका इतना शक्तिशाली था कि आसपास खड़े कई वाहनों में आग लग गई और उनकी खिड़कियों के शीशे टूट गए। बताया जा रहा है कि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और करीब आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को लोकनायक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाके के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और हाई अलर्ट जारी कर दिया। दिल्ली अग्निशमन विभाग की सात दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट पार्किंग में खड़ी एक कार में हुआ था, जिसके कारण पास की तीन से चार गाड़ियां भी आग की चपेट में आ गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि धमाके की आवाज इतनी तेज़ थी कि आस-पास की इमारतों में कंपन महसूस हुआ और लोग घबराकर बाहर निकल आए। एक स्थानीय दुकानदार ने कहा, “मैंने अपनी जिंदगी में इतना जोरदार धमाका पहले कभी नहीं सुना था, लगा जैसे सब कुछ खत्म हो जाएगा।”
फिलहाल पुलिस की विशेष शाखा और फॉरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन जांच जारी है।
