
हरिद्वार: हरिद्वार में रविवार सुबह मनसा देवी मंदिर जाने वाले रास्ते पर भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई। इस दर्दनाक हादसे में 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 35 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा उस समय हुआ जब मंदिर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं के बीच अचानक अफवाह फैल गई कि भीड़ में किसी को करंट लग गया है। अफरा-तफरी में लोग एक-दूसरे पर गिरने लगे और भगदड़ का माहौल बन गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग बुरी तरह दब गए और कुछ को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने 8 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हरिद्वार पहुंचे और अस्पताल में घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दे दिए हैं।
मनसा देवी ट्रस्ट ने भी आगे बढ़कर मदद की है। ट्रस्ट ने मृतकों के परिजनों को ₹2-2 लाख और घायलों को ₹50-50 हजार की मदद देने का एलान किया है। साथ ही घायलों और मृतकों के शवों को उनके घर तक पहुंचाने के लिए वाहन की व्यवस्था भी की जाएगी।
जिनकी मौत हुई:
-
वकील (45 वर्ष)
-
आरुष (6 वर्ष, रामपुर मुरादाबाद)
-
विशाल (19 वर्ष)
-
विपिन (18 वर्ष)
-
शांति (60 वर्ष)
-
रामभरोसे (65 वर्ष)
-
अज्ञात युवक (19 वर्ष)
-
विक्की (25 वर्ष)